फांचा में दो करोड़ से बने जाख देवता
के मंदिर की प्रतिष्ठा कार्यक्रम शुरू
पांच देवताओं और हजारों जाइयों के स्वागत में उमड़े ग्रामीण
फांचा में आठ वर्ष बाद पूरा हुआ जाख देवता मंदिर का निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के 15/20 क्षेत्र की फांचा पंचायत में देवताओं और जाइयों के स्वागत के साथ मंदिर की प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। करीब दो करोड़ की लागत से निर्माणाधीन जाख देवता के नए मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में आधा दर्जन से ज्यादा देवी-देवता और हजारों लोग शामिल हुए। शुक्रवार को फांचा क्षेत्र से बाहर दी गई जाइयों का मंदिर कमेटी की ओर से भव्य स्वागत किया गया।
जाइयों के स्वागत के बाद शाम को दूर-दूर से आए देवताओं का भव्य स्वागत किया गया। इस प्रतिष्ठा कार्यक्रम में डोडरा कवार के देवता जाख, रचोली के जाख देवता, काओबिल के नाग कन्सर देवता, कूट के नाग देवता, गानवीं के लाहरुवीर देवता और जगोरी के देवता नाग इस कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए हैं। देवताओं के स्वागत के बाद हजारों लोगों के लिए रात्रि भोजन का आयोजन किया गया। मंदिर में रात को जगराते का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान फांचा गांव में मांस मदिरा पर विशेष तौर से प्रतिबंध लगाया गया है, जिस घर में किसी भी मेहमान को शराब परोसी जाएगी, उसको दस हजार रुपये का जुर्माने करने का ग्राम वासियों ने निर्णय लिया है। शनिवार को मंत्रोच्चारण और शिखा पूजन के साथ मंदिर की प्रतिष्ठा का समापन होगा। समापन समारोह में शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह और रामपुर के विधायक नंद लाल भी मौजूद रहेंगे।
मंदिर कमेटी के प्रधान प्रकाश नेगी, सचिव कुशल सुनेल, सदस्य सुभाष नेगी, भगत जंत, प्रहलाद सिंह ने बताया कि आठ सालों की मेहनत के बाद मंदिर का निर्माण पूरा हो पाया है। मंदिर बनाने में सरकारी, निजी और श्रमदान से पूरा किया गया है। मंदिर प्रतिष्ठा में हजारों लोग भाग ले रहे हैं। सभी को भोजन और रहने की व्यवस्था मंदिर कमेटी द्वारा की गई है।