वॉलीबाल में कन्या स्कूल आनी की टीम रही प्रथम
रोवा में छात्रा वर्ग की खंड स्तरीय अंडर-14 खेल प्रतियोगिता संपन्न
खेलों में 21 स्कूलों से आईं 243 खिलाड़ियों ने लिया भाग
अमर उजाला ब्यूरो
दलाश (कुल्लू)। आनी उपमंडल के राजकीय उच्च विद्यालय रोवा में छात्रा वर्ग की खंड स्तरीय अंडर-14 खेल प्रतियोगिताओं का समापन हो गया। खंड शारीरिक शिक्षक रमेश चंद ने बताया कि तीन दिवसीय इस खेल प्रतियोगिता में 21 स्कूलों से आई 243 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में आनी पंचायत समिति अध्यक्षा अंजना भारती बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में वॉलीबाल मुकाबले में राजकीय कन्या विद्यालय आनी की टीम प्रथम और कुंगश टीम दूसरे स्थान पर रही। खो-खो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुटवा की टीम प्रथम और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खनाग की टीम द्वितीय रही। बैडमिंटन में उच्च विद्यालय ओलवा प्रथम और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुंगश द्वितीय स्थान पर रहा। शतरंज में कुंगश स्कूल की छात्रा नुपूर ने पहला और फाटी कराणा स्कूल की छात्रा अनामिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं समापन समारोह की मुख्य अतिथि अंजना भारती ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। इससे विद्यार्थियों का शारीरिक विकास भी होता है। उन्होंने स्कूल में फर्नीचर के लिए 50 हजार देने की घोषणा भी की। इस मौके पर स्कूल के कार्यकारी मुख्य अध्यापक विनोद राणा, एसएमसी अध्यक्ष यशपाल, अमन, राकेश, हर्षानंद, कुंजी लाल, सत्यपाल ठाकुर आदि मौजूद रहे।