वाद्य यंत्रों की धुनों पर ठारू मेले में दिनभर झूमे ग्रामीण
पल्थान शोली और देलठ देवता साहिब ने की मेले में शिरकत
वॉलीबाल स्पर्धा में खमाड़ी ने झटका पहला स्थान
अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की करांगला पंचायत के ठारू में एक दिवसीय मेले की धूम रही। वाद्य यंत्रों की धुनों पर ऐतिहासिक ठारू मेले में दिनभर नाटियों का दौर चला। विभिन्न इलाकों से दूर-दूर से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने मेले का जमकर लुत्फ उठाया और देवताओं के समक्ष शीश नवाया। देवता पल्थान शोली और पल्थान देलठ ने दशकों से आयोजित हो रहे ऐतिहासिक मेले में शिरकत कर इसकी शोभा बढ़ाई।
प्रसिद्ध ठारू मेले का आयोजन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम से किया गया। इस मेले में दोनों भाइयों का मिलन साल में एक बार होता है, जो कि मेले का मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। मेले में देवलुओं, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने दिनभर नाटी डाली। मेले के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा नाटी पेशकर पुरानी परंपरा को संजोए रखने का संदेश दिया गया। वहीं विभिन्न इलाकों से पहुंचे लोगों ने भी नाटी का खूब आनंद लिया। ग्रामीणों के अनुसार यह मेला ऐतिहासिक और दर्शनीय है। यह देव संस्कृति व पारंपरिक मेले ही हमारी सभ्यता की धरोहर है।
वहीं मेले के उपलक्ष्य पर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया है। युवक मंडल के प्रधान प्रमोद मेहता ने कहा कि नवयुवक मंडल डारण की ओर से आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में इलाके की 10 टीमों ने दमखम दिखाया, जिसमें खमाड़ी ने पहले स्थान पर बाजी मारी। वहीं युवक मंडल डारण ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को दस हजार रुपये और उपविजेता टीम को पांच हजार रुपये से नवाजा गया। इस मौके पर सचिव रामलोक खाची, सलाहकार रामेश्वर खाची, कपिल खाची, राकेश कुमार, देवेंद्र सिंह, संजय और नरेंद्र सहित कई अन्य मौजूद रहे।