पेंशन अदालत में पेंशन धारकों की सुलझेंगी समस्याएं
रिकांगपिओ में दो दिवसीय पेंशन अदालत का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी मामलों में पेंशनधारकों को किसी भी तरह की समस्याओं का सामना न करना पड़े, इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए दो दिवसीय पेंशन अदालत का आयोजन किया जा रहा है। उपायुक्त रिकांगपिओ में वीरवार को महालेखाकार कार्यालय में दो दिवसीय पेंशन अदालत के आयोजन की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। इस दौरान महालेखाकार कार्यालय, जिला के समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारी और पेंशन कल्याण संघों के पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और सेवानिवृृत्त कर्मचारियों को देय भत्तों के अतिरिक्त सेवानिवृृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों को समय पर अदा करने के लिए कृत संकल्प हैं। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों में पेंशन अदालतों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर उप-महालेखाकार रनदीप कौर औजला ने उपायुक्त किन्नौर को सम्मानित किया। औजला ने पेंशन भोगियों, अभिदाताओं की ओर से मौके पर रखी गई समस्याओं एवं विभागों में पूर्ण दस्तावेज के अभाव में लंबित मामलों का यथासंभव निपटारा किए जाने का आश्वासन दिया। वहीं लेखाधिकारी हरीश जुल्का ने बताया कि जिन अभिदाताओं एवं पेंशन भोगियों द्वारा जो भी मामले प्रस्तुत किए जाएंगे, उनका निपटारा इस पेंशन अदालत के दौरान ही करने की हर संभव कोशिश की जाएगी। कार्यक्रम में महालेखाकार कार्यालय द्वारा हेल्प डेस्क लगाकर निर्धारित फॉर्मों, नामांकन पत्र, शिकायत निवारण प्रपत्र, पेंशन मामलों से संबंधित सभी प्रकार के फॉर्म उपलब्ध करवाए जाएंगे। जिससे पेंशन भोगी, सामान्य भविष्य निधि अभिदाता एवं आहरण व संवितरण अधिकारी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कर लाभान्वित हो सके और नियमों के अंतर्गत देय लाभ समय पर प्राप्त कर सके। इस मौके पर ओपी ठाकुर, हंसराज, तिलक राज, जुधिया राम और विजय कुमार सहित कई अन्य मौजूद रहे।