169 अभ्यर्थियों ने पास किया ग्राउंड टेस्ट
रामपुर कॉलेज मैदान में तीन पदों के लिए वन रक्षकों ने बहाया पसीना
1198 अभ्यर्थियों ने किए आवेदन, ग्राउंड टेस्ट में 459 ने लिया भाग
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पाटबंगला मैदान में चल रही तीन जिले के वनरक्षकों की भर्ती प्रक्रिया संपन्न हो गई है। पांच दिनों तक चली इस भर्ती प्रक्रिया में 3 पदों के लिए 459 अभ्यर्थियों ने रामपुर कॉलेज मैदान में अपना दमखम दिखाया। भर्ती प्रक्रिया में 169 अभ्यर्थी ही ग्राउंड टेस्ट पास कर पाए। वन रक्षकों के लिए 1198 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे, लेकिन 459 अभ्यर्थियों ने ग्राउंड टेेस्ट में भाग लिया। ग्राउंड टेस्ट में पास हुए अभ्यर्थियों की 30 जून को रामपुर कॉलेज में लिखित परीक्षा आयोजित होगी।
वन विभाग रामपुर से मिली जानकारी के अनुसार रामपुर कॉलेज मैदान में आयोजित शिमला, कुल्लू और किन्नौर जिले के वन रक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में 1198 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए, जिसमें मात्र 459 अभ्यर्थियों ने ग्राउंड टेस्ट में पसीना बहाया। भर्ती प्रक्रिया में 330 लड़के और 129 लड़कियां शामिल थीं। भर्ती प्रक्रिया में 169 ही ग्राउंड टेस्ट पास कर पाए। इसमें 127 लड़के और 42 लड़कियों ने पहली बाधा पार की। वहीं 459 में से 290 अभ्यर्थी ग्राउंड टेस्ट में बाहर हो गए। अब पीजी कॉलेज रामपुर में 30 जून को 85 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा में मेरिट आधार पर वन रक्षकों की भर्ती होगी।
उधर, डीएफओ रामपुर वीके अग्रवाल के अनुसार वनरक्षक भर्ती प्रक्रिया में 169 अभ्यर्थियों ने ग्राउंड टेस्ट पास किया है। 30 जून को रामपुर कॉलेज में 85 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित होगी। मेरिट आधार पर वनरक्षकों की भर्ती होगी।