जल रक्षकों के लिए बनाई जाए स्थायी नीति
खंड स्तरीय जल रक्षक यूनियन की बैठक में उठा मुद्दा
यूनियन अध्यक्ष नागेश्वर सिंह ने की बैठक की अध्यक्षता
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। खंड स्तरीय जल रक्षक यूनियन की बैठक में यूनियन की समस्याओं पर चर्चा की गई। वहीं सरकार से मांग की गई कि जल रक्षकों के लिए स्थायी नीति बनाई जाए। बैठक शनिवार को यूनियन अध्यक्ष नागेश्वर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव जीतने और मुख्यमंत्री को प्रदेश में लोकसभा की चारों सीटें जीतने पर बधाई दी गई।
नागेश्वर सिंह ने कहा कि बैठक में प्रदेश सरकार से मांग की गई कि आगामी कैबिनेट बैठक में नियमितीकरण के लिए स्थायी नीति बनाएं। मुख्यमंत्री ने 26 अक्तूबर 2018 को यूनियन के महासम्मेलन में नियमितीकरण के लिए स्थायी नीति बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक इस संबंध में सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की गई है। वहीं 2019 के बजट में जल रक्षकों के मानदेय को बढ़ाने की घोषणा भी की थी, जिसकी अधिसूचना आगामी केबिनेट में जारी की जाए। जल रक्षक पहले भी प्रदेश अध्यक्ष बली राम शर्मा के माध्यम से भी सरकार के समक्ष अपनी मांगें उठा चुके हैं। बावजूद इसके सरकार की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया है। इसके चलते जल रक्षकों को महंगाई के दौर में विभिन्न दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने प्रत्येक खंड स्तरीय, जिला स्तरीय और प्रदेश जल रक्षक यूनियन से अपील की है कि जल रक्षकों की समस्याओं के समाधान और आवश्यक मांगों की पूर्ति के लिए शीघ्र अपने-अपने ब्लॉक एवं जिलों में बैठकें आयोजित करें। वहीं जल रक्षकों की समस्याओं को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलने की रूपरेखा तैयार करें। इस अवसर पर रिंकू राम, यशवंत सिंह, प्रकाश चंद, सत्या देवी, तारामणी, कमला देवी, राज कमल जिष्टू, ओम प्रकाश, महेंद्र सिंह, हरबंस कुमार, संदीप नेगी, धर्मपाल मल्होत्रा, मुकुंद लाल, राजकुमार, दीप राम, रुप सिंह और राजेेंद्र सिंह सहित यूनियन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।