बिजली, पानी और सड़क के मुद्दे पर पंस बैठक में हंगामा
पंचायत समिति रामपुर की बैठक में विकास कार्य रुकने पर भड़के सदस्य
स्कूलों में शिक्षकों के खाली पद न भरने पर जताया रोष
शाहधार गांव के ग्रामीण मटमैला पानी पीने को मजबूर
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पंचायत समिति रामपुर की त्रैमासिक बैठक बिजली, पानी और सड़क के मुद्दे गरमाए। इन मुद्दों पर बैठक के दौरान हंगामा भी बरपा। विभागों में रिक्त पड़े पदों को लेकर भी चर्चा की गई। बीडीसी सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं।
बीडीसी सदस्यों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाले सेब सीजन में खस्ताहाल सड़कें परेशान कर सकती हैं। शिक्षकों के कई पद खाली होने से छात्रों को भविष्य अधर में लटक गया है। बार-बार मांग करने के बावजूद भी खाली पदों को नहीं भरा जा रहा है। सरकार से शिक्षकों के खाली पद जल्द से जल्द भरने की मांग की गई।
बैठक बीडीसी अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बीडीसी अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने सभी विभागों के अधिकारियों से विभिन्न इलाके में होने वाले विकास कार्यो की समीक्षा की और ठप पड़े विकास कार्यों को जल्द से जल्द निपटाने का निर्देश दिए। बीडीसी सदस्य झाकड़ी बिशना भंडारी और बीडीसी शाहधार अनिता लक्टू ने बताया कि झाकड़ी एनएच-5 के साथ बिजली पोल के पास सुरक्षा न होने से हादसों का खतरा बन गया है। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली ट्रांसफार्मर के पास जाली लगाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। अनिता लक्टू ने बताया कि शाहधार और सराहन क्षेत्र में लोगों को मटमैला पानी पीना पड़ रहा है, लेकिन आईपीएच विभाग बेखबर है। उन्होंने आईपीएच विभाग से मांग की है कि लोगों के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था की जाए।
बीडीसी रामपुर के उपाध्यक्ष बहादुर भलूनी ने बैठक में भद्राश से खनेवली तक जाने वाली सड़क की चौड़ा करने और रेलिंग लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बीडीसी नारायण सिंह, भजन दास, चरण दास, काजल, शीला, सुंदला, पनमा नीमला, सुभाष, शीशी राम, भजन दास, बिशना भंडारी, अनिता लक्टू और बिरमा मौजूद रहे।