ठियोग में मरीजों को मिलेगी छोटी एंबुलेंस की सुविधा
अस्पताल में आरकेएस की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
रिक्त पड़े पद आरकेएस के माध्यम से भरे जाएंगे : एसडीएम
अमर उजाला ब्यूरो
ठियोग (रामपुर बुशहर)। सिविल अस्पताल ठियोग में जल्द ही मरीजों को छोटी एंबुलेंस की सुविधा मिलेगी। बचत भवन ठियोग में रोगी कल्याण समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया। इस दौरान विभिन्न मुद्दोें पर चर्चा की गई। इस दौरान किसी भी निर्माण कार्य को लोनिवि को 15 प्रतिशत न देकर स्वयं कार्य करवाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
समिति अध्यक्ष एवं एसडीएम ठियोग एमडी शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अस्पताल में 20 स्टाफ नर्सों की जरूरत है, लेकिन मात्र दो नर्सों के सहारे अस्पताल चल रहा है। ऐसे में रिक्त पड़े पदों को आरकेएस के माध्यम से भरा जाएगा।
बैठक में एसएमओ डॉ. दलीप टेक्टा ने गत वर्ष की गतिविधियों के अलावा भविष्य में होने वाले खर्च को लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत की। एसडीएम ने बताया कि पहली बार आरकेएस की बैठक में क्षेत्र की 50 पंचायतों के प्रतिनिधियों को आरकेएस से जोड़ने को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। सभी सदस्यों ने आरकेएस के फंड में इजाफे को लेकर पूर्ण रूप से सहयोग देने की बात कही। बीते वर्ष केल्वी पंचायत के एक बागवान शिव लाल ने आरकेएस के लिए तीस हजार का सहयोग दिया।
बैठक में निजी होटल के मालिक प्रेम वर्मा ने अस्पताल में खल रही वाटर एटीएम की कमी को पूरा करने की घोषणा की। स्थानीय विधायक राकेश सिंघा ने सभी मामलों को विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया। वहीं अस्पताल में पानी की टंकियों को लेकर दो लाख रुपये देने की घोषणा के साथ-साथ अपनी तनख्वाह से भी आरकेएस को सहयोग देने की बात कही। इस मौके पर बीडीसी अध्यक्ष मदन लाल वर्मा, नप अध्यक्षा वंदना सूद, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, पार्षद विवेक थापर, कमला शर्मा, शिला वर्मा, केशव शर्मा, साध राम और संजीव वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।