नेरवा तहसील में अंधड़ से उड़ीं चार घरों की छतें
विधायक ने अंधड़ से प्रभावित परिवारों के प्रति जताईं संवेदनाएं
पटवारियों को रिपोर्ट तैयार करने के दिए निर्देश: तहसीलदार
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा (रोहड़ू)। बुधवार रात आए अंधड़ से नेरवा तहसील में चार घरों की छतें उड़ गईं। रात को आए अंधड़ में घर की छतें उड़ जाने के कारण प्रभावित परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन की ओर से नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बढ़ेईला निवासी राय सिंह हेटा के मकान की छत, मनकोली न्योटी निवासी थेथरू पुत्र जुमरा के घर की छत, बटेरा निवासी हरी दास पुत्र ध्यानु के मकान की छत तथा कुठाड़ निवासी फजलू पुत्र रोशन दीन के घर की छत उड़ गई। चौपाल के विधायक बलवीर सिंह वर्मा ने अंधड़ से हुए नुकसान को लेकर प्रशासन को निर्देश जारी किए हैं कि नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को शीघ्र से शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए। इस संबंध में तहसीलदार नेरवा ऋषभ शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद हल्के के सभी पटवारियों को नुकसान का रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं।