बरसात के मौसम को लेकर अधिकारी रहें सतर्क
रिकांगपिओ में प्री मानसून की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने ली बैठक
पंचायत स्तर पर आपदा प्रबंधन कमेटियों के गठन के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। रिकांगपिओ में उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने सभी विभागों के अधिकारियों को बरसात के मौसम के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। प्री मानसून की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिए कि वह पंचायत स्तर पर आपदा प्रबंधन कमेटियों का गठन कर उन्हें आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षण प्रदान करे।
उन्होंने आईपीएच विभाग से जिले में बारिशों के दौरान एकत्रित होने वाले पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कहा कि अधिकारी उन जगहों को चिन्हित करें जहां बरसात के समय भूमि कटाव होने या सड़क अवरुद्ध होने की संभावना ज्यादा हो जिससे वहां पहले से ही मशीनरी का प्रबंध किया जा सके। उपायुक्त ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि कि वे सभी स्थानों पर तीन माह का आवश्यक वस्तुएं एवं गैस सिलेंडर का भंडारण करना सुनिश्चित करें जिससे आपदा के समय लोगों को दिक्कतें न आएं। स्वास्थ्य विभाग को भी सभी स्वास्थ्य केंद्रों में समय रहते दवाइयां पहुंचाने के लिए कहा। इस मौके पर एसपी किन्नौर साक्षी वर्मा, एसडीएम कल्पा सुरेंद्र ठाकुर अलावा स्वास्थ्य, होमगार्ड, आईटीबीपी, शिक्षा, खाद्य नागरिक आपूर्ति, खंड विकास, लोक निर्माण, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5, पशु पालन, ग्रेफ और जल परियोजनाओं के अधिकारियों ने भी भाग लिया।