रामपुर में वन रक्षकों के पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू
प्रक्रिया के पहले दिन 80 अभ्यर्थियों ने दिया ग्राउंड टेस्ट, 42 बाहर
वन रक्षकों के चार पदों के लिए हजारों युवा बहाएंगे पसीना
छह दिवसीय भर्ती प्रक्रिया में तीन जिलों के युवा ले रहे भाग
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर में मंगलवार से वन विभाग में वन रक्षकों के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई। इसका शुभारंभ वन विभाग के मुख्य अरण्यपाल अनिल ठाकुर ने किया। वन रक्षकों के 4 पदों के लिए छह दिनों तक युवा पसीना बहाएंगे। इस भर्ती प्रक्रिया में तीन जिलों किन्नौर, शिमला और कुल्लू के युवा भाग ले रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन कुल 80 अभ्यर्थियों ने ग्राउंड टेस्ट दिया, जिसमें से 42 युवा पहले ही दौर में बाहर हो गए। भर्ती सुबह 7 बजे से 1 बजे और दोपहर बाद 2 से शाम तक चलती रही।
रामपुर के पीजी कॉलेज मैदान में मंगलवार से तीन जिलों से आए युवाओं के लिए वन रक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई। अब अगले पांच दिनों तक तपती धूप में 4 पदों के लिए हजारों अभ्यर्थी अपने भाग्य की आजमाइश करेंगे। भर्ती प्रक्रिया के पहले पहले दिन 260 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से केवल 80 अभ्यर्थी ही अपनी उपस्थिति दर्ज करवा पाए। इनमें से 38 अभ्यर्थियों का चयन अगले दौर के लिए हुआ है, जबकि 42 ग्राउंड प्रक्रिया में ही बाहर हो गए। डीएफओ रामपुर अशोक नेगी ने बताया कि यह भर्ती प्रक्रिया पांच दिनों तक चलेगी। पहले दिन कुल 80 अभ्यर्थी मैदान में उतरे, जिनमें से 38 युवा ही पहली सीढ़ी पार कर पाए। इनमें 31 युवा और 7 युवतियां शामिल हैं। वन रक्षकों के चार पदों के लिए आगामी 15 जून तक यह भर्ती प्रक्रिया चलेगी। पहले चरण में ग्राउंड टेस्ट रखा गया है। इसके बाद लिखित परीक्षा होगी। इस परीक्षा में मेरिट आधार पर वन रक्षकों की भर्ती होगी। इस मौके पर दुर्गा प्रसाद, कामराज, उषा, विशेषर सिंह, सुधीर, कैलाश भलूनी, ललित भारती सहित अन्य मौजूद रहे।