परीक्षित बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
ननखड़ी में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन
पुनण ने बाइनाल को हराकर जीती क्रिकेट ट्रॉफी
अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता पर पुनण की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामपुर ज्ञान मेहता ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। आयोजक कमेटी ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।
युवक मंडल प्रधान धर्म सिंह ठाकुर ने कहा कि स्पर्धा में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। युवक मंडल कोटी ननखड़ी की ओर से आयोजित दीना लाल मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला पुनण और बाइनाल के बीच खेला गया। पुनण टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 62 रनों का लक्ष्य रखा। जवाबी पारी खेलने उतरी बाइनाल की टीम 40 रनों पर सिमट गई। टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले एप्पल वैली दनोटी रोहड़ू टीम के परीक्षित को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। वहीं प्रतियोगिता के समापन समारोह में महिला मंडल कोटी ननखड़ी ने लोकनृत्य कर सबको मंत्रमुग्ध किया। अंत में मुख्यातिथि ने विजेता टीम पुनण को 45 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी, उपविजेता टीम को 21 हजार व ट्रॉफी और अनुशासन में खेलने के लिए रोहड़ू टीम को 5 हजार रुपये नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर ननखरी जोन अध्यक्ष सुदेश कायथ, युकां महासचिव रामपुर अशवनी शर्मा, उपप्रधान बड़ाच ललित भैक, कलम सिंह, सर्जन ठाकुर, जवाहर, विकास, बृज लाल, कर्म सिंह, अरुण, अनिल, संजू, राजीव, पन्ना लाल और राजकुमार सहित अन्य मौजूद रहे।