दलाश (कुल्लू)। निरमंड ब्लॉक के दुराह में खंड स्तरीय अंडर-14 छात्र वर्ग की खेल प्रतियोगिता गुरुवार को शुरू हुई। आनी विस विधायक किशोरी लाल सागर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खेलों के सफल आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपये देने की घोषणा की। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्यातिथि ने छात्रों से मार्चपास्ट की सलामी ली।
खेल प्रभारी दुराह प्रेम कश्यप ने बताया कि 14वीं अंडर-14 छात्र वर्ग की खेल प्रतियोगिता में 26 स्कूलों के 355 प्रतिभागी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खेलों में कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, चेस और बैडमिंटन आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मार्चपास्ट में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खरगा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कबड्डी का पहला मैच राजकीय उच्च पाठशाला लारला और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कशौली के बीच खेला गया, जिसमें कशौली स्कूल ने जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं इस मौके पर आनी ब्लॉक समिति अध्यक्षा बिंदु बाला, जिला परिषद सदस्य पप्पी बिष्ट, दुराह पंचायत प्रधान चंद्रकांता ठाकुर, उप प्रधान अमर जीत, लोट पंचायत प्रधान प्रेम सिंह ठाकुर, उप प्रधान लोचन ठाकुर, नरेंद्र कुुमार और मनी राम सहित अन्य उपस्थित रहे।