कचरा प्रबंधन को लेकर लोगों को किया जागरूक
टिक्करी और गांवसारी पंचायत में जागरूकता शिविर आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। खंड विकास छौहारा के तहत ग्राम पंचायत टिक्करी और ग्राम पंचायत गांवसारी में ठोस व तरल कचरा प्रबंधन के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को कचरा प्रबंधन प्रक्रिया से अवगत करवाया गया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी केएन पांडे और खंड समन्वयक राजीव शर्मा मौजूद रहे।
खंड विकास अधिकारी केएन पांडे ने बताया कि छौहारा क्षेत्र में स्वच्छता की मुहिम को चलाया जा रहा है। पंचायतों में घर-घर कूड़ा एकत्र करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया जा रहा है। मंगलवार को टिक्करी व गांवसारी पंचायत में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विकास खंड समन्वयक सहित पंचायतों के पदाधिकारी, महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह भी इस मुहिम में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पंचायत में लोगों को उनके घरों से निकलने वाले ठोस और तरल कचरे के उचित प्रबंधन की जानकारी दी गई।