रामपुर बुशहर। अटल वर्दी योजना के तहत वीरवार को कन्या स्कूल रामपुर में छात्र-छात्राओं को वर्दी बांटी गई। कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में वर्दी वितरण का शुभारंभ स्कूल प्राचार्य और योजना के समन्वयक आरसी गुप्ता ने किया। रामपुर खंड के तहत आने वाले 40 स्कूलों के कक्षा छठी से लेकर जमा दो तक के करीब पांच हजार छात्र-छात्राएं वर्दी से लाभान्वित होंगे।
योजना खंड प्रभारी दलीप सोनी ने कहा कि रामपुर खंड के 40 स्कूलों में दी जाने वाली वर्दी का वितरण कर दिया गया है। इस योजना के तहत छात्रों को डबल वर्दी दी जा रही है, जिसकी सिलाई के पैसे भविष्य में बच्चों के परिजनों को दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रामपुर खंड में कक्षा छठी से दसवीं तक 1200 छात्राएं व 1250 छात्र, जमा एक और जमा दो में 1200 छात्राएं एवं 1150 छात्र शामिल हैं। इस मौके पर स्कूल के प्रवक्ता पीपी दुल्टा, प्रेम नेगी, कृष्णा नेगी, डीडी शर्मा और प्रीतम सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।