आनी (कुल्लू)। रघुपुर क्षेत्र की प्रसिद्ध बालू बूढ़ी नागिन माता 26 दिन से आनी क्षेत्र के रघुपुर और जांजा क्षेत्र के प्रवास पर हैं। अब तक माता ने क्षेत्र के करीब 30 गांवों का दौरा पूरा कर लिया है। बुधवार को माता कराणा गांव पहुंची। यहां पहुंचने पर क्षेत्र की महिलाओं ने पारंपरिक रीति रिवाजों से माता का भव्य स्वागत किया।
गांव में दिनभर वाद्य यंत्रों की धुनों पर ग्रामीण झूमते रहे। वहीं, दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी महिला और पुरुषों संग नाटी डालकर खूब मनोरंजन किया। इस दौरान मंदिर में माता के नाम का गुणगान किया गया। वहीं, मंगलवार पूरी रात लोगों ने भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। माता के कारदार ध्यान सिंह ने बताया कि बालू की माता सरयोलसर की माता बूढ़ी नागिन का ही रूप है, जिस पर क्षेत्र की जनता की अपार आस्था जुड़ी है।
उन्होंने कहा कि माता बीते 26 दिनों से क्षेत्र के दौरे पर हैं और लोग मां से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को माता जांजा क्षेत्र के अंतिम गांव कराणा पहुंची है। यहां से माता वापस रघुपुर क्षेत्र होकर अपने देवालय पहुंचेगी। देवी माता के सभी कारकून और देवलु भी माता के प्रवास के साथ मौजूद हैं।