रोहडू। लोक निर्माण विभाग के जुब्बल डिवीजन में कार्यरत तीसरी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी खस्ताहाल सरकारी आवास में समय गुजार रहे हैं। दीवारों पर सीलन, टूटे फर्श, छतों से टपकता पानी ऐसे आवासों में कर्मचारी रहने के लिए मजबूर हैं। कर्मचारी महासंघ की इकाई ने चेतावनी दी है कि यदि सरकारी आवासों की दशा को नहीं सुधारा गया तो लोनिवि के जुब्बल कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा।
कर्मचारी महासंघ इकाई जुब्बल-कोटखाई के पदाधिकारियों ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के खस्ताहाल आवासों की मरम्मत को लेकर एक महीने पहले लोनिवि के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अभी तक आवासों की मरम्मत को लेकर कोई पहल नहीं हुई है। महासंघ के अध्यक्ष एलआर दत्ता ने बताया कि अधिकारियों के आवासों में साल में दो-दो बार सफेदी, रंग रोगन किया जाता है। छोटे कर्मचारियों को जेल की तर्ज पर रखा जा रहा है। क्लास थ्री और क्लास फोर के सरकारी आवास में कई वर्षों से मरम्मत नहीं हुई है।
बार-बार मांग के बाद छोटे कर्मचारियों के आवास की मरम्मत के लिए धन का अभाव बताकर टाल दिया जाता है। महासचिव बोध राज, मुख्य सलाहकार हरदयाल शर्मा, उपप्रधान राज पाल दया नंद, उधम रणबीर, प्रकाश, दीपक, सुरेश सहित सभी पदाधिकारियों ने मांग की है कि अधिकारी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के इन आवासों को शीघ्र मरम्मत की पहल करे। यदि अब इस मांग को अनदेखा किया तो मजबूरन धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा।