रोहड़ू। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेरवा में मिस्टर एंड मिस फ्रेशर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्पर्धा में 15 छात्राओं और पांच छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में इंट्रोडक्शन, मॉडलिंग व टैलेंट राउंड आयोजित कर मिस्टर और मिस फ्रेशर का चयन किया गया। प्रतिभागियों ने रंग बिरंगे और मनमोहक परिधान पहन कर तीनों राउंड में शानदार प्रस्तुतियां दीं।
स्पर्धा में स्मृति, साक्षी, मुस्कान, उपासना, अक्षित और प्रियांश सहित कई प्रतिभागियों ने भाग लिया। विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के आधार पर प्रियांश को मिस्टर फ्रेशर तथा स्मृति भागटा को मिस फ्रेशर चुना गया। इस अवसर पर जमा दो के छात्रों की ओर से जमा एक नवागंतुक छात्रों के लिए फ्रेशर पार्टी की व्यवस्था भी की गई। विद्यालय के प्रेस सचिव सुरेंद्र चौहान ने बताया कि स्कूल में छात्रों के लिए इस तरह के आकर्षक कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किए जाते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य केवल राम चौहान ने चुने गए मिस्टर और मिस फ्रेशर को ताज पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रधानाचार्य केदार रांटा, प्राध्यापक नरेंद्र कुमार, शकुंतला झारटा, ममता तेगटा, मधुमालती और सीता शर्मा भी मौजूद रहे।