रामपुर बुशहर। लोकसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की टीम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में 150 मतदान केंद्र हैं, जिसमें सभी पीठासीन अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के लिए प्रशासन ने 30 बसों का प्रबंध किया। वहीं अन्य दो छोटे वाहनों का भी प्रबंध किया गया है। प्रशासन ने शुक्रवार को सभी मतदान केंद्रों में चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को रवाना किया।
प्रशासन ने पूरी तरह से संचार व्यवस्था कायम करने के लिए प्रबंध कर दिए हैं, जिससे मतदान के दौरान किसी प्रकार को कोई परेशानी न हो। रामपुर विधानसभा में 150 मतदान केंद्रों में से तीन संवेदनशील केंद्र हैं, जिसमें एक एनजोओ रैंक के अधिकारी, एक अन्य पुलिस कर्मचारी सहित 300 जवानों को मतदान केंद्रों की ओर रवाना कर दिया है। इसके अलावा 30 छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों सहित तीन पुलिस स्टेशनों में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नाका सहित पेट्रोलिंग के लिए जवानों को तैनात कर दिया है।
चुनाव के दौरान किसी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो, इसको लेकर पुलिस ने पुख्ता प्रबंध कर दिए गए हैं। बूथ नंबर 80 और 81 में कन्या स्कूल रामपुर में महिलाएं कर्मचारी के हाथों चुनाव के सफल आयोजन की जिम्मेवारी सौंपी गई है। इस संबंध में डीसएपी अभिमन्यु ने बताया कि मतदान के बाद ईवीएम सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय घेरा बनाया जाएगा। बिना अनुमति पत्र और पहचान पत्र मतदान केंद्रों में प्रवेश नहीं होगा। वहीं सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के 150 मतदान केंद्रों में स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक मतदान करने के लिए सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को रवाना कर दिया गया है।