अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। स्वास्थ्य विभाग जिला किन्नौर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगी में जिला स्तरीय विश्व डेंगू दिवस का आयोजन किया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी किन्नौर यूनिट तीन के डॉ. कविराज नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने इस मौके पर डेंगू, सिगरेट और तंबाकू उत्पाद अधिनियम के बारे में छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में स्कूली छात्रों ने भाषण, नारा लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। इस दौरान भाषण स्पर्धा में रावपा पांगी की प्रियांशी ने पहले स्थान पर बाजी मारी। दूसरे स्थान पर अंजना और तीसरे स्थान पर अनुराधा रही। नारा लेखन में अमिषा ने पहला, नितिन भंडारी ने दूसरा और जीवन ज्योति ने तीसरा स्थान झटका। पोस्टर पेकिंग में शिवानी ने पहला, भूषण भंडारी ने दूसरा और ईशान ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को मुख्यातिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कार्यवाहक प्राचार्य बिमलेश कुमारी, स्वास्थ्य शिक्षक हेमलता, बीसीसी समन्वयक रमेश नेगी, होशियार चौहान, हेमपुष्पा, सविता यादव, ममता, प्रल्हाद भगती, राजकुमार, अश्वनी और प्रकाश बिष्ट मौजूद रहे।