कोटखाई। यूको बैंक की गुम्मा शाखा में तैनात एक कर्मचारी के खिलाफ स्थानीय उपभोक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। उपभोक्ताओं ने आरोपी कर्मचारी की ओर से किए जा रहे दुर्व्यवहार की बैंक प्रबंधन से शिकायत की है। गुम्मा के उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारी का तबादला नहीं किया गया तो वे सभी बैंक में अपने खाते बंद करके बैंक के बाहर आंदोलन करेंगे। बैंक प्रबंधन ने शिकायत पर संज्ञान लेकर कर्मचारी को व्यवहार सुधारने की चेतावनी दी है। गुम्मा यूको बैंक के उपभोक्ताओं का आरोप है कि बैंक का एक कर्मचारी कई दिनों से लगातार दुर्व्यवहार कर रहा है।
व्यापारमंडल गुम्मा के सदस्य मनीष चौहान, लच्छी राम ने इस संबंध में अलग-अलग शिकायतें बैंक प्रबंधन को भेजी हैं। स्थानीय निवासी यश ठाकुर, राम कुमार, बबलू, वृज मोहन, संजीव चौहान, व्यापार मंडल गुम्मा के प्रधान गोविद चौहान ने बताया कि आए दिन बैंक में तैनात एक कर्मचारी ग्राहकों के साथ बदसलूकी कर रहा है। उन्होंने बैंक प्रबंधन से मांग की है कि यदि इस कर्मचारी का एक सप्ताह के भीतर यहां से तबादला नहीं किया गया तो वे गुम्मा बाजार में बैंक के बाहर आंदोलन के लिए तैयार हैं।
उससे पहले बाजार के सभी व्यापारी यूको बैंक की गुम्मा शाखा से अपने खाते भी बंद करवाने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। यूको बैंक शिमला जोन के महाप्रबंधक जेके कश्यप ने कहा कि उनके पास गुम्मा व्यापार मंडल की शिकायत मिली है। शिकायत के बाद बैंक कर्मचारी को व्यवहार सुधारने की चेतावनी दी गई है। गुम्मा से कर्मचारी का स्थानांतरण इसका कोई विकल्प नहीं है। व्यापारमंडल को इसकी लिखित जानकारी दी गई है।