वजीर बावड़ी-निरमंड सड़क
बंद, हजारों लोग दिक्कत में
भारी बारिश के कारण सुरक्षा को देख लोनिवि ने रोकी आवाजाही
26 पंचायतों के हजारों लोग इसी सड़क से करते हैं सफर
निरमंड से वाया दत्तनगर रामपुर के लिए करना पड़ रहा सफर
अमर उजाला ब्यूरो
ब्रौ (रामपुर बुशहर)। निरमंड खंड की 26 पंचायतों के हजारों लोगों को लाभान्वित करने वाली वजीर बावड़ी-निरमंड सड़क एक बार फिर ठप हो गई है। सोमवार देर रात से हो रही लगातार बारिश से खतरे को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से सड़क पर वाहनों आवाजाही पर रोक लगा दी है।
ऐसे में अब निरमंड से वाया दत्तनगर रामपुर और रामपुर से निरमंड की ओर वाया दत्तनगर से निगम की बसों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही हो रही है। उपमंडल के हजारों लोगों को रामपुर पहुंचने के लिए जहां समय की बर्बादी हो रही है। वहीं उन्हें आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। 28 फरवरी को वजीर बावड़ी-निरमंड सड़क पर पहाड़ी दरकी थी और सडक़ पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई थी और निरमंड खंड की 26 पंचायतों के हजारों लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी थी। अब एक बार फिर से सड़क को बंद कर दिया गया है। क्षेत्र के सुरजीत ठाकुर, प्रभात, संजीव कुमार, राकेश कुमार, महेश, सतीश कुमार, जनक राज, पूर्ण चंद, ललित कुमार और उमेश सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग पर भूस्खलन होने से बीते लंबे समय से आज दिन तक लोगों को खतरा बना हुआ है। उधर, लोक निर्माण विभाग ब्रौ के एसडीओ राजेश शर्मा ने बताया कि निरमंड वजीर-बावड़ी मार्ग पर वजीर बावड़ी के पास लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ी से चट्टानें गिरने और भूस्खलन के खतरे को भांपते हुए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। मौसम खुलते ही मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।