रामपुर बुशहर। एसजेवीएन की लूहरी जलविद्युत परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एनएच पर उतर कर ‘ऊर्जा बचाओ, पर्यावरण बचाओ’ का संदेश दिया। शुक्रवार को परियोजना की ओर से कारपोरेट बाउंडिंग एंड कल्चर बिल्डिंग के उद्देश्य से मिनी मैराथन का आयोजन किया गया।
परियोजना प्रमुख आरएल नेगी के नेतृत्व में निरथ से लूहरी जलविद्युत परियोजना, चरण-1 के बांध स्थल तक प्रात: 10.30 बजे मैराथन आयोजित की गई। परियोजना के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस मैराथन में बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इस माध्यम से उन्होंने ऊर्जा का कम से कम उपयोग कर प्राकृतिक संसाधनों का उचित इस्तेमाल करने और पर्यावरण का संरक्षण करने का आह्वान किया।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपने पर्यावरण का स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए स्वच्छता रखने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने को लेकर जागरूक किया। इस मौके पर सिविल अपर महाप्रबंधक राजेश शर्मा, विकास महाजन, भू-विज्ञान अपर महाप्रबंधक अक्षय आचार्य, मानव संसाधन अपर महाप्रबंधक बलजीत सिंह, वित्त एवं लेखा उपमहाप्रबंधक एसके भटनागर और विद्युत उपमहाप्रबंधक राजेंद्र सचदेवा सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।