रिकांगपिओ (किन्नौर)। रिकांगपिओ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला इकाई ने युवा मतदाता जागरूकता अभियान के तहत कल्पा के गांव-गांव जाकर मतदाताओं को आगामी लोकसभा चुनाव में 19 मई को शत प्रतिशत मतदान करने के लिए जागरूक किया। नेशन फर्स्ट और वोटिंग मस्ट नारे के तहत कार्यकर्ताओं ने लोगों को पर्चे बांटे जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग अपने मत के प्रति जागरूक हो सकें। जिला संगठन मंत्री द्रुपद मेहता के अनुसार इस अभियान के कुल 3500 के करीब रिकांगपिओ में मुख्य बाजार, सब्जी मोहला, डाइट रिकांगपिओ, आईटीआई और कल्पा सहित अन्य क्षेत्रों में पर्चे बांटे गए हैं। यह अभियान 1 से 17 मई तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता गृह संपर्क अभियान के तहत घर-घर जाकर 10 हजार पर्चे और 5 हजार स्टीकर बांटकर लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक करेगी। इस मौके पर एबीवीपी जिला संगठन मंत्री द्रुपद मेहता, इकाई अध्यक्ष इंद्र सेन नेगी, छात्रा प्रमुख सविता नेगी, इकाई सह सचिव पूजा चारस, शशी नेगी, अनीश, सूर्या कार्यकर्ता उपस्थित रहे।