अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में वीरवार को फ्रेशर पार्टी की धूम रही। रंगबिरंगे परिधानों में सजधज कर छात्राओं ने रैंप पर जलवे बिखेरे। इस मौके पर 11वीं कक्षा में पहुंची छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग लिया। कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में आयोजित फ्रेशर वेलकम पार्टी की शुरूआत में 12वीं कक्षा की छात्राओं ने नई छात्राओं का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य आरसी गुप्ता ने की। इस दौरान 11वीं कक्षा की छात्राओं के लिए मिस फ्रेशर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। छात्राओं ने रैंप पर दर्शकों की खूब तालियां बंटोरी। इस दौरान आस्था शर्मा को इस सत्र के मिस फ्रेशर के खिताब से नवाजा गया। वहीं प्रथम रनरअप नेहा ठाकुर और दूसरी रनरअप अक्षिता रही। मुख्यातिथि आरसी गुप्ता ने 11वीं कक्षा में प्रवेश पाने वाली छात्राओं से पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राम दासी, कृष्णा नेगी और विजय गौतम मौजूद रहे। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रैंप वॉक और टैलेंट राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद छात्राओं ने बुशहरी, कुल्लवी, किन्नौरी और पहाड़ी गानों पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर छात्राओं और शिक्षकों का खूब मनोरंजन किया। इस मौके पर शिक्षक पीपी दुल्टा, अधीक्षक राजेंद्र ध्रैक, प्रेम नेगी, हर्षलता, डीडी शर्मा, अप्रितम ठाकुर, रंजीत, संदीप केदारटा, नरेश, नीतू, डीडी नेगी, दिनेश चौहान, कमलेश के अलावा कई अन्य अध्यापक एवं छात्राएं उपस्थित रही।