रोहडू। वन मंडल रोहड़ू की मंढोल और शलान बीट में देवदार के एक दर्जन से अधिक पेड़ों पर कुल्हाड़ी चली है। विभाग को सूचनाएं मिल रही थी कि दोनों बीटों में वन माफिया देवदार के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला रहा है। इस पर डीएफओ ने टीम के साथ मौके का जायजा लिया तो देवदार के एक दर्जन से अधिक पेड़ साफ कर दिए गए थे। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए वन रक्षक को निलंबित कर दिया है। हालांकि, कटान का मामला एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है, लेकिन वन रक्षक पर कार्रवाई शुक्रवार को की गई है।
इसे पहले नोटिस जारी कर जवाब देने के लिए कहा गया था, पर इसकी तरफ से कोई जवाब न मिलने के कारण विभाग ने कार्रवाई करते हुए इसे निलंबित कर दिया है। जांच के लिए विभाग ने एक टीम का गठन भी कर दिया है। इधर, शलान वन बीट में दो देवदार और एक कायल के पेड़ काटने की सूचना है। काटे गए पेड़ों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंच चुकी। वन विभाग की ओर से पेड़ कटान की जांच के लिए अलग से टीम का गठन किया है।
सात लाख है काटे गए पेड़ों की कीमत
काटे गए पेड़ों की कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। मामला एक हफ्ते पहले का है। खुलासा होने के बाद विभाग की ओर से वन रक्षक को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया। शुक्रवार को विभाग ने कार्रवाई करते हुए इसे निलंबित कर दिया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी जुब्बल देसराज महाजन ने मंढोल बीट गार्ड को निलंबित करने की पुष्टि की है।
डीएफओ रोहडू सीबी चंदू ताशिलदार ने कहा कि मंढोल और शलान बीट में देवदार के हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चली है। विभाग ने जांच के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।