सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के सांगला-चंडीगढ़ रूट पर चलने वाली डीलक्स बस सेवा छह माह से ठप पड़ी हुई है। बस सेवा ठप होने से छात्र-छात्राओं, स्थानीय लोगों और देश विदेश से सांगला पहुंचने वाले पर्यटकों को खासी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। बस सेवा बहाल नहीं होने से लोगों में परिवहन निगम के अधिकारियों के प्रति खासा रोष है।
वर्ष 2016 को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सांगला वैली के उख्यांग महोत्सव में प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला के लिए डीलक्स बस की सौगात दी थी। वर्ष 2017 जून माह से उक्त रूट पर बस सुचारु रूप से शुरू हुई। लेकिन अब यह सेवा छह माह से बंद पड़ी है।
हिम्मत सिंह नेगी, चंद्रगोपाल नेगी, निर्मल चंद्र नेगी, हितेश आजयान, अनिल नेगी, जयराम नेगी, प्रताप नेगी, प्रेम कुमार नेगी, प्रीतम नेगी, बीर सिंह नेगी और किशोर नेगी सहित जिले के कई अन्य लोगों ने सरकार, परिवहन निगम प्रबंधन से समय रहते उक्त रूट पर बस सेवा बहाल करने की मांग की है। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द बस सेवा बहाल नहीं की गई तो सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष उमेश नेगी के अनुसार प्रदेश की भाजपा सरकार क्षेत्र के लोगों के साथ भेदभाव कर रही है। इसका जवाब जनता आगामी लोकसभा चुनाव में देगी। पथ परिवहन निगम क्षेत्रीय प्रबंधक अजेंद्र चौधरी और अड्डा प्रभारी सुजान सिंह ने बताया कि कड़छम से सांगला तक सड़क संकीर्ण होने के कारण और सड़क में जगह-जगह गड्ढे पड़े होने से बस चलाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात की गई है।