पूह काजा और स्पीति की ओर थमे वाहनों के पहिए
मंगलवार से बाधित नेशनल हाईवे नहीं हुआ बहाल
कई स्थानों पर भूस्खलन से बाधित हो रहा एनएच
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में लगातार बिगड़ रहे मौसम के मिजाज के चलते यातायात व्यवस्था खासी प्रभावित हो रही है। मंगलवार रात से जिले के पूह, काजा और स्पीति वैली की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ी है। एनएच में कई स्थानों पर भूस्खलन होने के कारण यातायात बहाल करना सीमा सड़क संगठन के लिए चुनौती बना हुआ है।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग 5 पर पोवारी से लेकर पूह काजा की तरफ तीन दिनों से लगातार बाधित हो रहा है। बारिश के चलते मंगलवार रात से ही एनएच जिले के टिंकू नाला, स्पीलो और ष्यासो के पास यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। बार बार हो रहे भूस्खलन के कारण सीमा सड़क संगठन को एनएच बहाल करने में परेशानियां पेश आ रही हैं। सीमा सड़क संगठन की सात मशीनें और 50 से अधिक मजदूर अवरुद्ध हुए नेशनल हाईवे पांच को बहाल करने में जुटे हुए हैं। बारिश और पहाड़ी से चट्टानों के खिसकने से एनएच बार-बार बाधित हो रहा है।
सीमा सड़कसंगठन के ओसी डीके राघव के बताया कि दो स्थानों पर नेशनल हाईवे को बहाल कर दिया गया है। श्यासो के पास दो स्थानों पर बंद एनएच को बहाल करने का प्रयास जारी है। संगठन की मशीनें और मजदूर बाधित एनएच को बहाल करने में जुटे हुए हैं।