कुन्नो चारंग के ग्रामीण अब चुनाव में लेंगे हिस्सा
दुर्गम पंचायत के लोगों की अधिकतर समस्याएं सुलझी
उपायुक्त के प्रयासों से ग्रामीणों को मिली सुविधाएं
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद के बेहतर प्रयासों से 15 दिनों के भीतर ही कुन्नू चारंग पंचायत के ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया है। दुर्गम कुन्नो चारंग पंचायत के ग्रामीणों की अधिकतर समस्याओं को हल कर दिया गया है। पंचायत प्रधान ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर चुनाव बहिष्कार का निर्णय वापस लिया है। अब सभी ग्रामीण चुनाव में मतदान करेंगे। वहीं ‘अमर उजाला’ ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर को उपायुक्त गोपाल चंद ने तुरंत संज्ञान में लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों, परिवहन निगम, लोनिवि, आईपीएच और विद्युत विभाग के अध्यक्षों को तुरंत कुन्नो चारंग जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कुन्नो चारंग के ग्रामीणों से मिलकर युद्ध स्तर पर और तय समय सीमा के भीतर कार्य को भी कहा। इसके बाद आईपीएच और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने मौके पर जाकर ग्रामीणों की समस्याओं के निवारण को कार्य शुरू करवाए। वहीं पूह आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता आरएस नेगी, कल्पा लोनिवि के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र गुलेरिया और एसडीओ जगतपाल ठेकेदार को लेकर मौके पर पहुंचे।
ग्राम पंचायत कुन्नो चारंग के प्रधान पूरन सिंह नेगी ने कहा कि पंचायत में वर्षों से लंबित पड़े कार्य शुरू हो गए हैं, जिसको लेकर विभाग अधिकारियों ने ठेकेदारों को निर्देश दिए हैं। कुन्नो चारंग में पेयजल, यातायात, बस सेवा और बिजली आपूर्ति की समस्याओं को सुलझाया गया है। कुन्नो चारंग के ग्रामीणों ने मांगे पूरी होने पर आगामी लोकसभा चुनाव के बहिष्कार करने का निर्णय वापस लिया है। अब ग्रामीण अपने मत का प्रयोग करेंगे। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त गोपाल चंद ने कहा कि बुधवार को कुन्नो चारंग के प्रधान पूरन सिंह नेगी ने आगामी लोकसभा चुनाव के बहिष्कार के फैसले को वापस लिया है।