नोगली (रामपुर बुशहर)। दत्तनगर की न्यू क्यार कॉलोनी के बाशिंदे पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। बीते तीन माह से लोगों को दिक्कत आ रही है। लोग अपने पैसे खर्च कर टैंकर से पानी मंगवाकर अपनी जरूरत पूरी कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग ने तीन माह में मात्र करीब 15 दिनों में ही पेयजल आपूर्ति दी है। मौजूदा समय में करीब दो हजार आबादी समस्या झेल रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार 26 फरवरी को पानी की समस्या को लेकर कॉलोनी का प्रतिनिधिमंडल आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता से मिला और उन्होंने जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। बावजूद आज दिन तक पेयजल की समस्या को दूर नहीं किया गया। उन्होंने प्रशासन और आईपीएच विभाग से शीघ्र पेयजल आपूर्ति मुहैया करवाने की मांग की है। उन्होंने चेताया कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। वे आईपीएच विभाग को पेयजल के लिए बाकायदा बिल अदा करते हैं, बावजूद इसके विभाग पेयजल आपूर्ति मुहैया करवाने में नाकाम साबित हो रहा है।
इस संबंध में पवन नेगी, यशवंत नेगी, राजकुमार नेगी, बहादुर सिंह, वीरभद्र सिंह, लोलक राम, अविनाश शर्मा, उत्तम ठाकुर, दयाल सक्सेना, चेतराम, सुभाष चंद, प्रदीप कुमार, दिनेश कायथ, मलू राम, देवेंद्र पंडित, खुशी राम, मनोज कुमार, रंजना देवी, सुरेश कुमार, निक्का राम, नरेश कटोच, मदन लाल, हरनाम सिंह, पूर्ण सिंह और कपिल मेहता सहित अन्य बाशिंदों के अनुसार बीते पांच वर्षों से क्षेत्र में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। न्यू क्यार कॉलोनी दत्तनगर के लोगों को आईपीएच विभाग सिंचाई नहर की ओर से पेयजल आपूर्ति मुहैया करवा रहा है। बीते 3 माह से सिंचाई नहर की मरम्मत कार्य से जनता को पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। ऐसे में यहां रह रहे लोगों को अपने पैसे खर्च कर पेयजल आपूर्ति पूरी करनी पड़ रही है। इस कॉलोनी के लिए विभाग द्वारा पेयजल वितरण की व्यवस्था भी सही नहीं है। केवल पौने इंच पाइप से 20-21 पानी के कनेक्शन दिए गए हैं, जिसके चलते सभी घरों को पेयजल आपूूर्ति मुहैया नहीं हो पा रही है।
वहीं इस संबंध में आईपीएच विभाग रामपुर के सहायक अभियंता किशोर शर्मा ने माना कि दत्तनगर सिंचाई नहर की मरम्मत कार्य से समस्या पेश आई है। उन्होंने कहा कि न्यू क्यार कॉलोनी में विभाग की ओर से पेयजल आपूर्ति दी रही है। 5 मई से पेयजल की नियमित आपूर्ति दी जाएगी।