हेयर कटिंग सैलून से अवैध
शराब की 60 पेटियां पकड़ीं
नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा पुलिस ने सोमवार को बाजार में चल रहे एक हेयर कटिंग सैलून में दबिश देकर साठ पेटी अवैध शराब की बरामद की है। सैलून चला रहे पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
अवैध शराब का यह जखीरा नेरवा में नाई की एक दुकान में छुपा कर रखा गया था। एसएचओ नेरवा प्रदीप ठाकुर की अगुवाई में एचएएसआई मदन शर्मा, हेड कांस्टेबल अंकुश, संजय, कांस्टेबल मनोज तोमर एवं प्रवेश ठाकुर की टीम ने एक सूचना के आधार पर नेरवा बाजार में चल रही हिना हेयर कटिंग सैलून में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 60 पेटी अवैध शराब की पकड़ी है। जिसमें बीस पेटी अंग्रेजी ब्रांड की तथा चालीस पेटी देसी शराब की बरामद की गई हैं। पुलिस ने अवैध शराब रखने के आरोप में शाहरुख़ खान गांव बहेट जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) एवं दिनेश चौहान गांव मिण्डा ग्राम पंचायत मुंडली (नेरवा) के खिलाफ मुकदमा दायर कर आगामी जांच शुरू कर दी है। डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।