सांगला(किन्नौर)। प्रदेश में पारा चढ़त ही किन्नौर की हसीन वादियों में देश-विदेश से सैलानी पहुंच रहे हैं। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ सहित कल्पा, कामरू, सांगला, बटसेरी, रक्षम, छितकुल, पूह, काजा, नाको, ताबो, टाशीगंग, कुन्नोचारंग ठंगी और स्पीति में पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई है। सर्दियों में भारी बर्फबारी के चलते पिछले कई माह से वीरान पड़े प्रमुख पर्यटन स्थलों में अब पर्यटकों की आमद बढ़ने से रौनक लौट आई है।
जिले में पर्यटकों की दस्तक से होटल व्यवसायियों और पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं। मैदानी इलाकों की तेज गर्मी के थपेड़ों से बचने के लिए देश-विदेश से किन्नौर की मनोरम वादियां पर्यटकों से सराबोर हैं। पर्यटक इन दिनों बर्फ से ढकी पहाड़ी चोटियों, नदी नालो में आए बड़े-बड़े हिमखंडों को करीब से देखने के अलावा प्राकृतिक सौंदर्य का खूब लुत्फ उठा रहे हैं। प्रदेश के अलावा, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मुंबई, अहमदाबाद, बगलूरू, गुजरात सहित अमेरिका, आस्ट्रेलिया, यूरोप, कनाडा, फ्रांस और थाईलैंड से पर्यटक पहुंच रहे हैं। कारोबारी दलीप नेगी, अर्जुन नेगी, शांता नेगी, चंद्र मोहन नेगी, ओम प्रकाश नेगी, मोंटी नेगी, विजय नेगी, कुलदीप नेगी, मुकेश नेगी, राजेश नेगी, सुरेंद्र नेगी, धनीराम नेगी, सुशील, पृथ्वी नेगी, एसएल नेगी, रमेश ठाकुर और निका राम सहित अन्य कारोबारियों ने कहा कि इस वर्ष अच्छे कारोबार होने की उम्मीद है। सर्दियों में भारी हिमपात से उनका कारोबार ठप हो गया था, लेकिन अब गर्मियों का दौर शुरू होते ही उनका कारोबार चमकने लगा है। वहीं किन्नर कैंप के माध्यम से अहमदाबाद से 30 छात्र-छात्राओं का दल सांगला की मनोरम वादियों का लुत्फ उठा रहा है। गुजरात से पहुंचे टफर कैंप के अध्यक्ष एस दिनेश और उपाध्यक्ष केयूर पटेल ने बताया कि यहां पर छात्रों को ट्रैकिंग के साथ साथ पक्षी-अवलोकन, पर्यावरण अध्ययन और योग के गुर बखूबी सिखाए जा रहे हैं। यह दल आगामी 5 दिनों तक संागला की वादियों का आनंद लेगा।
उधर, जिला पर्यटन अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा सुरेंद्र ठाकुर ने भी माना कि इस साल पर्यटन का कारोबार और अधिक बढ़ेगा। सर्दियों में खूब हिमपात होने से इन दिनों किन्नौर की मनोरम वादियों में सैलानी पहुंच रहे हैं।