रामपुर बुशहर। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन एवं ब्लॉक कांग्रेस रामपुर के अधिवेशन मेें कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव से संबंधित टिप्स दिए गए। अधिवेशन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान मेहता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्थानीय विधायक नंदलाल बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार का एक साल का कार्यकाल रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए निराशाजनक रहा। रामपुर क्षेत्र में कोई भी नई योजनाएं शुरू नहीं हो पाई। भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में रामपुर क्षेत्र से दूरी बनाई रखी। उन्होंने अपनी सांसद निधि से इस क्षेत्र के विकास में कोई कार्य नहीं किया। ऐसे में भाजपा सरकार के प्रति आम जनता में खासा रोष है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के टिकट पर रामपुर विधानसभा क्षेत्र से 6 बार के विधायक एवं पूर्व बागवानी मंत्री सिंघी राम के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा। सिंघी राम पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन से ही रामपुर विधानसभा से छह बार विधायक चुने गए थे। सिंघी राम का अपना खुद का कोई जनाधार नहीं है। इसका स्पष्ट उद्धारण पिछले चुनाव में सामने आया, जब वह आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव में उतरे थे। इसके अलावा हाल में ओलावृष्टि से किसान-बागवानों को हुए फसलों के नुकसान पर राहत राशि देने की मांग उठाई है। बागवानों को आवश्यक दवाइयां और खाद भी सरकारी डिपो में समय पर नहीं मिल रही है। इस अवसर पर विजय कनैन, महेंद्र खूंद, देश रतन, खेल चंद नेगी, त्रिलोक भलूनी, बहादुर सिंह भलूनी, ध्रुव शर्मा, राम कुमार, सत्या भूषण, जसवीर ठाकुर, डीडी कश्यप, ज्योती लाल, विरेंद्र भलूनी, अशोक नेगी, राजेंद्र चौहान और अनिरुद्ध बिष्ट सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।