अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा बाजार की सड़क पर दौड़ने वाले भारी भरकम टिपर आम लोगों के साथ स्थानीय व्यापारियों के लिए भी परेशानी का सबब बन गए हैं। भारी भरकम टिपरों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए व्यापारमंडल नेरवा ने शुक्रवार को एसडीएम चौपाल को ज्ञापन सौंपा है।
व्यापारमंडल के आरोप है कि इन टिपरों के चलने से न केवल धूल के गुबार उड़ रहे हैं। बल्कि इनकी वजह से जाम लगने पर हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। जब यह टिपर तीन-चार इकट्ठे बाजार से गुजरते हैं तो बाजार में जाम लग जाता है और राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
व्यापारमंडल ने प्रशासन से मांग की है कि इन टिपरों को सुबह स्कूल लगने के समय सवा नौ बजे से लेकर सवा दस बजे तक एवं शाम को स्कूलों की छुट्टी के समय सवा तीन बजे से लेकर साढ़े चार बजे तक बाजार से गुजरने पर रोक लगाई जाए। टिपरों के साइलेंसर पाइप पूरी तरह से जमीन के तरफ झुके हुए हैं। ऐसे में यह टिपर जब सड़कों पर दौड़ते हैं, तो यह भारी मात्रा में धूल उड़ाते हैं। इस धूल के कारण लोगों का सांस तक लेना कठिन हो रहा है। टिपरों से उड़ने वाली धूल दुकानों में रखे सामान को भी बर्बाद कर रही है। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव भिख्टा, सचिव रमेश कांटा, कोषाध्यक्ष अमन सूद, उपाध्यक्ष दिनेश अमरेट, अनिल सूद, प्रताप धोबटा, सौरव, अश्विनी कुमार और पवन गुप्ता मौजूद रहे।