सही सरकार चुनने में मतदाताओं
का अहम योगदान : उपायुक्त
रिकांगपिओ में छात्र-छात्राओं ने रैली निकाल कर किया जागरूक
जागरूकता रैली को उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ(किन्नौर)। रिकांगपिओ में मंगलवार को मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के मकसद से स्वीप कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
उपायुक्त ने बताया कि यह हमारा दायित्व बनता है कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में 19 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि देश में एक सुदृढ़ सरकार चुनने में मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। मतदाता की ओर से चुने गए प्रतिनिधि ही देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में हम सभी का दायित्व बनता है कि मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। मतदान लोकतंत्र का आधार है। इस महापर्व में मतदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है। क्योंकि एक-एक मत देश की प्रगति के लिए आवश्यक है। उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी प्रलोभन और लालच के मतदान करने का आग्रह किया।
इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा सुरेंद्र ठाकुर, सहायक आयुक्त-उपायुक्त सलीम आजम और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, कर्मचारी सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।