अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर पर्यटन संघ की वार्षिक बैठक रविवार को रिकांगपिओ में जिला वन अधिकार अध्यक्ष जिया लाल नेगी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा सुरेंद्र ठाकुर, अधिवक्ता अमर चंद, मनोज कुमार और किन्नौर होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पर्यटन संघ अध्यक्ष चंद्र मोहन नेगी ने कहा कि बैठक में किन्नौर पर्यटन संघ ने जिला पर्यटन अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा को संघ की समस्याओं से अवगत करवाया। बैठक में ट्रेकिंग रूटों पर पर्यटकों और संचालकों को स्थानीय पुलिस चौकी और स्थानीय पंचायत में पंजीकरण करने के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। वहीं पर्यटन से संबंधित बाहरी कारोबारियों को ट्रेकिंग रूट में संबंधित पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य करने, स्थानीय पर्यटन कारोबारियों का भविष्य में गठित होने वाले फारेस्ट मैनेजमेंट कमेटी में किन्नौर पर्यटन संघ की भागीदारी सुनिश्चित करने, जिला के ट्रेकिंग रूटों पर ट्रैक कराने पर जिला पर्यटन अधिकारी से अनुमति लेने जरूरी करने पर चर्चा की गई। जिला पर्यटन अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा ने किन्नौर पर्यटन संघ की समस्याओं पर यथासंभव पूरा करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सीएम नेगी, सूरज नेगी, रामेश्वर नेगी और प्रकाश सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।