रामपुर बुशहर। श्रीखंड युवक मंडल धारा सरगा की ओर से आयोजित क्रिकेट, वॉलीबाल, रस्साकशी और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं बुधवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पूर्व बीडीसी अध्यक्ष निरमंड देवेंद्र नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। क्लब के सदस्यों ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन से आपसी भाईचारे की भावना को बल मिलता है।
इस मौके पर क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला धारा सरगा और जगातखाना टीम के बीच खेला गया, जिसमें धारा सरगा की टीम ने प्रतियोगिता पर कब्जा जमाया। मुख्यातिथि ने विजेता टीम धारा सरगा को 35 हजार, ट्रॉफी और उप विजेता टीम जगातखाना को 17 हजार और ट्रॉफी देकर नवाजा।
वहीं वॉलीबाल प्रतियोगिता में रूद्रा ब्वाय क्याव ने पहले स्थान पर बाजी मारी और उन्हें 12 हजार और विजेता ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। श्रीखंड युवक मंडल की टीम को दूसरा स्थान प्राप्त करने पर 6 हजार और ट्रॉफी से नवाजा गया। रस्साकशी प्रतियोगिता में महिला मंडल सरगा की टीम ने पहला और महिला मंडल हुमकू की टीम ने दूसरा स्थान झटका।
मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता की सभी विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समापन समारोह में मनोरंजन के लिए विशेष रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। समारोह में पहाड़ी गायक राजीव शर्मा ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष अनिल ठाकुर, उप प्रधान हेमंत ठाकुर, सचिव सोहन मेहता, सह सचिव राजीव रांटा, कोषाध्यक्ष पंकज ठाकुर, सलाहकार दिनेश ठाकुर, विदेश रांटा, विनेश, विक्की और बंटी के अलावा कमेटी के कई अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।