रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में आगामी 19 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन अधिकारियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं। जिला प्रशासन की ओर से प्रिसाइडिंग ऑफिसर और पोलिंग ऑफिसर को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। किनौर में कुल 727 प्रिसाइडिंग ऑफिसर और पोलिंग ऑफिसर के प्रशिक्षण का रविवार को दूसरा चरण समाप्त हुआ। अब तब 640 प्रिसाइडिंग और पोलिंग अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
अब जिले के 87 प्रिसाइडिंग और पोलिंग अधिकारियों को प्रशिक्षित करना बाकी है, जिसमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान 12 दस्तावेजों का मतदान केंद्र पर पहचान के लिए प्रयोग किया जा सकता है।
मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सर्विस पहचान पत्र, पासबुक, पैन कार्ड, स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सरकारी पहचान पत्र और आधार कार्ड इत्यादि दिखा कर अपना मतदान कर सकते हैं। रिकांगपिओ बचत भवन में तहसीलदार कल्पा संजीव कुमार ने प्रेक्टिकल सेशन में ईवीएम और वीवीपेट मशीन के बारे अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी।
वहीं जिला उपायुक्त कार्यालय सभागार में जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने मतदान के दिन किन-किन विषयों पर ध्यान दिया जाना है? के बारे में अधिकारियों को आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर जिले से आए प्रिसाइडिंग और पोलिंग अधिकारियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई।