आनी (कुल्लू)। आनी के साथ लगते करसोग क्षेत्र की दुर्गम पंचायत महोग के बगूंद गांव में स्थानीय आराध्य देवता बैंशी महादेव के पावन सानिध्य में आयोजित नौ दिवसीय भागवत महापुराण पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। नौ दिनों तक चली भागवत कथा में ऋषिकेश के कथावाचक आचार्य राघेवंद्र रतूड़ी ने भागवत प्रवचन और देवी माता की स्तुति एवं भजनों से माहौल भक्तिमय बनाया।
आयोजन के मंच संचालक एवं प्रचारक ओम राठौर ने कहा कि नौ दिनों में महोग के बगूंद गांव में भागवत पुराण का आयोजन क्षेत्र की जनता के सहयोग से पूरा किया गया। धार्मिक आयोजन के समापन अवसर पर सैकड़ों भक्तों ने अपनी हाजिरी भरी और पूर्णाहुति के बाद प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने भागवत पुराण के सफल आयोजन के लिए आयोजन कमेटी और श्रद्धालुओं का आभार जताया। इस मौके पर एमडी अकेला, शिवराज शर्मा, छविंद्र शर्मा, मोहन ठाकुर, रूप लाल ठाकुर, ब्रिज लाल, मदन ठाकुर, डागू राम, शेर सिंह, संतोष शर्मा और संजय ठाकुर सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।