रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर के युवा सेवा एवं खेल विभाग रिकांगपिओ की ओर से 15 अप्रैल से नि:शुल्क बॉक्सिंग प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी गंगा लाल नेगी ने बताया कि किन्नौर के तमाम सरकारी और निजी स्कूलों को खत लिख कर सूचित कर दिया है कि खेल विभाग 15 से रिकांगपिओ के मिनी स्टेडियम पुलिस लाइन में नि:शुल्क उच्च स्तरीय बॉक्सिंग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर रहा है।
प्रशिक्षण शिविर में सभी प्रशिक्षणार्थियों को बॉक्सिंग खेल की सुविधाओं के अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक द्वारा आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण 15 से दिन के दो चरणों में रोज सुबह 5:45 बजे से 8:00 बजे तक और सायं 4:15 बजे से साढ़े छ: बजे तक नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं बॉक्सिंग से संबंधित खेल सामान और नियमित प्रशिक्षणार्थियों को ट्रैक सूट व जलपान भी दिया जाएगा।
सरकारी और गैर सरकारी स्कूल के विद्यार्थी बॉक्सिंग खेलने में इच्छुक हैं, तो वे 15 से नि:संकोच निशुल्क प्रशिक्षण केंद्र मिनी स्टेडियम पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि किन्नौर के युवक-युवतियों ने बॉक्सिंग का प्रशिक्षण लेकर किन्नौर जिला का प्रदेश, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग में विख्याति प्राप्त की है। उन्होंने अपने नाम के साथ-साथ किन्नौर जिले का भी नाम ऊंचा किया है।