कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। एसडीएम चेतना खड़वाल ने कहा कि समूचे उपमंडल में 12 से 20 अप्रैल तक स्वच्छता अभियान और पालीथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओ चलाया जाएगा। अभियान 12 अप्रैल को नारकंडा विकास खंड कार्यालय से शुरू होगा। वे स्वच्छता अभियान को लेकर आयोजित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में बोल रही थीं। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी नारकंडा रवि कुमार बैंस भी मौजूद रहे।
बैठक में स्वच्छता अभियान और ‘पॉलीथिन हटाओ पर्यावरण बचाओ’ मुहिम के प्रति लोगों को जागरूक करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके लिए अपने अपने कार्यालय में प्रत्येक कर्मचारियों को भी स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक करें। बीडीओ नारकंडा रवि कुमार बैंस ने कहा कि स्वच्छता और पॉलीथिन हटाओ पर्यावरण बचाओ अभियान प्रत्येक पंचायत में चलाया जाएगा। जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा महिला मंडल, युवक मंडल और आमलोग भी सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में भी जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। और स्वच्छता पर स्कूली बच्चों की स्लोगन राइटिंग, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस बैठक में एसडीओ आईपीएच कुमारसैन डीएस कौशल, एसएचओ फूल सिंह, नगर पंचायत से हरी कपूर, एसडीओ विद्युत बोर्ड थानाधार लक्ष्मण सिंह, एसडीओ विद्युत बोर्ड बड़ागांव आरएल धीमान, सुक्रमा ठाकुर कॉऑर्डिनेटर एसबीएम गुलाब सिंह, अधीक्षक देवेंद्र श्याम और दीपक शर्मा मौजूद रहे।