आनी/दलाश(कुल्लू)। आनी खंड की कुठेड़ पंचायत के एक वृद्ध व्यक्ति की रास्ते में पैर फिसलने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह शिवानंद (74) पुत्र कुंभ दास निवासी लोहारधार, आनी अपनी पत्नी के साथ सोलन में रह रहे अपने पौत्र के यहां जाने को घर से निकले थे। इस दौरान पगडंडी में पैदल चलते हुए शाणी के समीप वृद्ध का अचानक पैर फिसल गया और वह रोपडू नाला में करीब 15 फुट नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान शिवानंद के सिर पर गहरी चोटें लग गई, जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने हादसे की सूचना आनी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और गहरी खाई से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आनी अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। डीएसपी आनी तेजिंदर वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आनी के सिविल अस्पताल पहुंचाया है। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया है। मामला दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।