ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग शहर में तहबाजारियों की ओर से किए गए अवैध कब्जों को हटाने को लेकर व्यापारमंडल ठियोग और नगर परिषद की ओर से काफी प्रयास किए गए। बावजूद इसके अभी भी हालात पहले जैसे ही हैं। हालांकि प्रशासन की पहल के बाद शहर से तहबाजारियों को खदेड़ा भी गया, लेकिन कुछ समय बीत जाने के बाद फिर से तहबाजारियों ने बाजार में बैठना शुरू कर दिया है।
शनिवार को नगर परिषद और व्यापारमंडल की टीम ने मिलकर एसडीएम ठियोग के साथ बैठक आयोजित की। इस बैठक मेें तय किया गया कि सोमवार को 11 बजे बचत भवन ठियोग में प्रशासन की अगुवाई में रेहड़ी-फड़ी यूनियन, नगर परिषद और व्यापार मंडल की बैठक का आयोजन कर उचित हल निकाला जाएगा। एसडीएम ठियोग ने बताया कि इस बैठक में तय किया जाएगा कि इन अस्थायी दुकानदारों को बाजार के बाहर कहां बिठाया जाए? इस मौके पर नप अध्यक्षा वंदना सूद, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, हलवाई ढाबा यूनियन के प्रधान नंद कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय ठाकुर, कुलवंत ठाकुर, कश्मीर सिंह राणा, अभय कंवर सहित अन्य मौजूद रहे।