रामपुर बुशहर। रामपुर शहर के वार्ड नंबर तीन स्थित सब्जी मंडी में सैकड़ों किसान और लोग जान जोखिम में डाल कर सफर करने के लिए मजबूर हैं। शहर से इंदिरा मार्केट स्थित सब्जी मंडी को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते पर बीते कई दिनों से सीवरेज की गंदगी खुले में बह रही है। सीवरेज के बहाव के चलते यहां भूस्खलन का सिलसिला जारी है और भूस्खलन के चलते मुख्य रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया है। लोगों में रोष है कि नगर परिषद, आईपीएच और स्थानीय प्रशासन इस समस्या की अनदेखी कर रहा है।
रामपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर तीन स्थित रामपुर इंदिरा मार्केट स्थित शहर की एकमात्र सब्जी मंडी में कुल्लू जिले के सैकड़ों किसान रोजाना अपने उत्पाद लेकर पहुंचते हैं। इस मार्ग से रामपुर कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं का आना-जाना भी रहता है। बीते कई दिनों से यहां सीवेज लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है और गंदगी मुख्य रास्ते पर बह रही है। इससे जहां रास्ते का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, वहीं साथ लगते भवनों को भी इससे खतरा बना हुआ है। यदि समय रहते स्थित पर काबू नहीं पाया जाता तो यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा पेश आ सकता है। रास्ते से ऊपर एनएच पांच की सुरक्षा दीवार को भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
क्षेत्र के भगवान दास, हीरा सिंह, चुन्नी लाल, अमर सिंह, हर्ष कायथ, यशवंत शर्मा, अमित कुमार और विनोद चौहान सहित अन्य लोगों ने स्थानीय प्रशासन, नगर परिषद और आईपीएच विभाग से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। वार्ड नंबर तीन की पार्षद चूड़ामणी शर्मा के अनुसार यह समस्या उनके ध्यान में है। नप के जेई को समस्या से अवगत करवाकर यहां दीवार लगाने की मांग की गई है। आईपीएच को भी लीकेज के बारे में सूचित किया जाएगा।
एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि यदि ऐसी समस्या है तो नगर परिषद और आईपीएच विभाग को समस्या के समाधान संबंधी निर्देश दिए जाएंगे। आईपीएच विभाग रामपुर के सहायक अभियंता किशोर शर्मा के अनुसार बारिश के कारण भूस्खलन होने से पाइप लाइन टूट गई है। लाइन को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा है।