आनी (कुल्लू)। सहभागिता हमारी और आपकी कार्यक्रम के तहत सरस्वती विद्या मंदिर च्वाई में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी संजय ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं स्कूल प्राचार्य प्रकाश भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
सहभागिता टीम के दिवान राजा ने जिला कुल्लू पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रोजेक्ट ‘सहभागिता हमारी और आपकी’ पर विस्तृत जानकारी दी। मुख्यातिथि संजय ठाकुर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और महिलाओं से अवैध नशे का व्यापार करने वालों की सूचना पुलिस को देने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्पर्धाओं में विभिन्न छात्रों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता में अनुराग ने पहला, पीयूष ने दूसरा और साहिल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन में दिव्या ने प्रथम, विशाखा ने द्वितीय और कपिल ने तृतीय स्थान हासिल किया। चित्रकला में पीयूषकांत ने पहला, सचिन ने दूसरा और अजय ने तीसरा स्थान हासिल किया। विद्यालय प्रधानाचार्य प्रकाश ने प्रोजेक्ट की सराहना की।
वहीं सहभागिता टीम ने नशे के खिलाफ बेहतर कार्य करने वाले लोगों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। वहीं इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र के टिंकू शर्मा, संतोष, मंजू, अंजना, सतपाल, पवन, प्रीति, रोशना, शीला और दिनेश सहित कई अन्य मौजूद रहे।