नेरवा। स्थानीय बाजार में थाने से लेकर एसबीआई ब्रांच तक अब तीसरी आंख का पहरा रहेगा। नेरवा में पुलिस ने पांच हाई केपेसिटी नाइट विजन कैमरे लगाए हैं। अब पुलिस थाने से ही बाजार में शरारती तत्वों पर नजर रखेगी। पुलिस ने थाने के अंदर एक आईओ रूम, एक एमसी रूम, एक एक कैमरा महिला एवं पुरुष कारागार में लगाए हैं। एक बहुत ही उच्च क्षमता का नाइट विजन कैमरा थाने के बाहर इस प्रकार स्थापित किया गया है कि इसकी नजर नेरवा बाजार के बीचों बीच स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा तक रहेगी। इस कमरे के लगने से न सिर्फ दिन में बल्कि रात में भी एसबीआई ब्रांच तक पुलिस थाने में बैठे-बैठे ही बाजार की निगरानी कर सकेगी। कैमरे लगने से जहां नेरवा थाना हाईटेक हो गया है, वहीं करीब आधा बाजार भी सुरक्षित हो गया है। थाने के बाहर उच्च क्षमता का कैमरा लगने से अब बाजार में हुड़दंग मचाने वालों की खैर नहीं रहेगी । इस कैमरे की खासियत यह है कि यह 360 डिग्री में मूवमेंट करता है।
गौर हो कि पिछले साल 9 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक शिमला उमापति जम्वाल ने नेरवा दौरे पर व्यापार मंडल नेरवा एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में बाजार की समस्याओं को देखते हुए आश्वासन दिया था कि जल्दी ही नेरवा में उच्च क्षमता के नाइट विजन कैमरे लगाए जाएंगे। व्यापार मंडल नेरवा ने कैमरे लगाने की पहल पर एसपी शिमला का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने साथ ही मांग की है कि ऐसे ही दो कैमरे नेरवा बाजार के मध्य यूको बैंक के समीप और पुराना बस स्टैंड में भी लगाए जाएं, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व पुलिस की नजरों से बच कर निकल न सके।