चोटियों पर हिमपात निचले क्षेत्रों में बारिश शुरू
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव से बागवान रहें सचेत
सेब के पेड़ों में फूल देरी से आने की बढ़ी संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। सोमवार को मौसम में आए बदलाव के बाद चोटियों पर फिर हिमपात और निचले क्षेत्र में बारिश का क्रम जारी है। खराब मौसम के कारण क्षेत्र में फिर शीतलहर तेज हो गई है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण सेब के बगीचों में रखरखाव का कार्य अटक रहा है। क्षेत्र में दोपहर बाद से लगातार बारिश हो रही है। चांशल और चंद्रनाहन की चोटियों पर हिमपात हो रहा है।
खराब मौसम के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि पूरे क्षेत्र की सड़कों पर यातायात दिनभर सामान्य रहा है। लगातार हो रहे मौसम में बदलाव के कारण सेब के बगीचों में आयल स्प्रे व खादों को डालने का कार्य बाधित हो रहा है। तापमान में कभी गिरावट कभी बढ़ोतरी से सेब के फूल आने में देरी होने वाली है। वहीं इस संबंध में उद्यान विकास अधिकारी डॉ कुशल मेहता के अनुसार सेब के बगीचों में ऑल सीजन स्प्रे आयल का छिड़काव दिन के समय धूप में ही अच्छा रहता है। कई बगीचों में स्प्रे आयाल के छिड़काव का समय आ चुका है। मौसम खुलते की बागवान इसका छिड़काव शुरू करे। जमीन में पर्याप्त नमी खादों के लिए लाभदायक है इसलिए बागवान निचले व मध्यम क्षेत्रों में खाद डालने का कार्य समय पर पूरा करे।