कटगांव से कंडे तक बनेगा वाहन योग्य मार्ग
सूरत नेगी ने साढ़े छह किलोमीटर लंबे मार्ग का रखा नींवपत्थर
लंबे समय बाद सड़क सुविधा की मांग पूरी होने पर लोगों में हर्ष
अमर उजाला ब्यूरो
भावानगर ( किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के कटगांव से कंडे तक ग्रामीणों को जल्द सड़क सुविधा मिलेगी। निचार तहसील के कटगांव पंचायत में वन निगम प्रदेश उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने करीब साढ़े छह किलोमीटर छोटे वाहन योग्य संपर्क सड़क के निर्माण का नींवपत्थर रखा।
कटगांव से कंडे तक छोटे वाहन योग्य साढ़े छह किलोमीटर मार्ग का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग करेगा। बीडीसी सदस्य देवा चारस केे अनुसार इस पंचायत के करीब सभी ग्रामीणों के खेत और बगीचे कंडे में ही हैं और किसान-बागवानों को कंडे तक जाने में काफी समय की बर्बादी होती है। इस मांग को बीते 5-6 वर्षों से उठाया जा रहा था, लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। अब सड़क सुविधा मिलने से ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
कटगांव पंचायत प्रधान पद्म चारस ने बताया कि छोटे योग्य सड़क मार्ग खुलने से स्थानीय ग्रामीणों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा। ग्रामीणों ने इस मांग को पूरा करने के लिए वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी का आभार जताया है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य दौलत नेगी, एसटी मोर्चा जिला महामंत्री राजपाल नेगी, भाजपा निचार मंडल महामंत्री संजय नेगी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्षा लीला देवी, सड़क कमेटी अध्यक्ष राम चरण, अशोक कुमार, निहाल चारस, कृष्ण प्रकाश और लोक निर्माण विभाग भावानगर के सहायक अभियंता प्रमोद नेगी सहित कई अन्य उपस्थित रहे।