अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। इंडियन पैरामिलिट्री एक्स सोल्जर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से पेंशन आयु 70 वर्ष तक किए जाने की मांग की है। जिससे अधिक से अधिक संख्या में पूर्व सैनिक लाभान्वित हो सकें। अपने इन्हीं मुद्दों को लेकर प्रतिनिधिमंडल भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बौंडा सराहन की 19वीं बटालियन के कमांडेंट अभय चंद से मिला।
एसोसिएशन के अध्यक्ष एनडी बेष्टू की अध्यक्षता में मिले प्रतिनिधिमंडल ने कमांडेंट से समय पर सामान की आपूर्ति मुहैया करवाने की मांग रखी। बेष्टू ने कहा कि इस दौरान सर्वप्रथम कैंटीन समय सारिणी और सामान की आपूर्ति पर विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने मांग उठाई कि सामान की हर माह के दूसरे मंगलवार को ही आपूर्ति की जाए। उन्होंने इसके बारे में सेक्टर हेडक्वार्टर से विचार विमर्श करने की बात भी कही। वहीं एसीपी पर भी चर्चा की गई।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि जो भी कर्मी 1999 से पूर्व सेवानिवृत्त हुआ है, एक सिपाही से हवालदार तक को मात्र 10-12 हजार रुपये पेंशन मिल रही है। वहीं आज रिटायर कर्मचारी उप निरीक्षक को पेंशन 20 से 22 हजार मिल रही है। उन्हें 10-20-30 वर्ष की मॉडिफाइड एसीपी मिल रही है। वहीं कमांडेंट के साथ मीटिंग फिक्स के बारे में चर्चा कर त्रैमासिक करने पर निर्णय लिया गया। इसके अलावा पेंशन की आयु 70 वर्ष तक करने की मांग की। इस मौके पर आरएल चौहान, दुर्गा चौहान, नायारण मेहता, रतन भारद्वाज, डीआर बिष्ट, शारदा चौहान, सोहन मांटा, रोशन चौहान और ठाकुर पालसरा सहित अन्य मौजूद रहे।