टापरी गर्म पानी के पास एनएच पांच 15 दिन से बंद
रामपुर, शिमला से वाया छोलतू होकर भेजे जा रहे हैं वाहन
चगांव पंचायत के ग्रामीण सुरक्षा दीवार न बनने पर खफा
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिले के टापरी गर्म पानी के पास नेशनल हाईवे पांच बीते 15 दिनों से यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। जिले के हजारों लोगों और देश विदेश से किन्नौर पहुंचने वाले पर्यटकों को वाया छोलतू होकर सफर करना पड़ रहा है। पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन के कारण एनएच को बहाल रखने के परेशानियां आ रही हैं। वहीं चगांव पंचायत के ग्रामीणों ने खतरे को भांपते हुए प्रशासन और एनएच प्राधिकरण से यहां सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की है।
जिले की चगांव पंचायत के रिशाल और जनकपुरी की तरफ से लगातार भूस्खलन जारी है। टापरी गर्म पानी के पास करीब 50 मीटर एनएच मलबे और बड़े-बड़े पत्थरों से ढक गया है। वहीं नेशनल हाईवे प्राधिकरण ने भी बाधित मार्ग को बहाल करने के लिए मशीनें और मजदूर तैनात किए हैं। चगांव पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सड़क से मलबा हटाने के लिए मनाही की है। पंचायत के लोगों का कहना है कि उन्हें बीते छह वर्ष से सड़क के किनारे सुरक्षा दीवार लगाने के वादे किए जा रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। टापरी-चगांव संपर्क मार्ग, मिडल स्कूल जनकपुरी सहित ग्राम पंचायत चगांव के तहत आने वाले खेचारंग, रिशाल और जनकपुरी के दो दर्जन से अधिक मकानों और करीब 200 बीघा जमीन को इस भूस्खलन से खतरा बना हुआ है।
ग्राम पंचायत प्रधान चगांव वीर सिंह नेगी, उपप्रधान तेजिंद्र सिंह नेगी, ग्राम कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बुद्धरतन नेगी, उपाध्यक्ष होशियार सिंह नेगी, हिम्मत राम नेगी, सचिव गणित राम नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और एनएच प्राधिकरण से समय रहते समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं इस संबंध में एनएच प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता रामपुर पीसी नेगी ने कहा कि टापरी गर्म पानी के पास पहाड़ी से वर्ष 2013 से लगातार भूस्खलन होने के कारण टापरी-चगांव सड़क टूट रही है। उच्च मार्ग पर मलबा गिर रहा है। पहाड़ी से होने वाले भूस्खलन को हटाकर एनएच को बहाल किया जा रहा है। एनएच पांच सुरक्षा के लिहाज से बहाल रखने के प्रयास जारी हैं।